औरैया, 1 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र में गौकशी प्रकरण से जुड़े एक वांछित आरोपित को शनिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई। घटना के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। घायल आरोपित को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया है।
यह कार्रवाई 30 जुलाई की रात दर्ज गौकशी के मामले की जांच के दौरान की गई। शुक्रवार रात भिखेपुर के पास पुलिस ने करीब 16 किलोग्राम संदिग्ध मांस के साथ एक नाबालिग को पकड़ा था। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अजीतमल के नेतृत्व में दलेलनगर सहित कई स्थानों पर आरोपितों की तलाश में छापेमारी शुरू की गई। बरामद मांस का नमूना पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश राजपूत ने जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजा है।
शनिवार तड़के प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाबरपुर की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन कुछ दूरी पर ब्रेकर आने से बाइक असंतुलित होकर गिर गई।
इसके बाद पुलिस के मुताबिक एक आरोपित ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनोज कुमार, निवासी रतनीपुर-जगदीशपुर, भीखेपुर के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी राजा, निवासी इस्लामनगर, बाबरपुर मौके से फरार हो गया।

घायल मनोज कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार वह गौकशी प्रकरण में वांछित था। फरार आरोपित राजा की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की। बाइक गिरने के बाद एक आरोपित द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस की कार्रवाई में मनोज कुमार घायल हुआ। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





















