जौनपुर, 1 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी और अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसका एक साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन पुलिस सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रिंकू यादव निवासी भेला, थाना सरपतहां के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी सत्यम लोना, निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर (अंबेडकर नगर) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल रिंकू यादव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया। पुलिस के अनुसार वह थाना सरपतहां का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी तथा अयोध्या समेत कई जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित 38 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सत्यम लोना के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





















