जौनपुर, 1 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म, मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित वर्तमान में केराकत तहसील में तैनात है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतका की मां ने शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री श्वेता सिंह का विवाह वर्ष 2014 में बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था और उसकी एक 10 वर्षीय बेटी भी है। शिकायत में कहा गया कि सुलतानपुर जिले के गोरा बारीक गांव निवासी विवेक श्रीवास्तव का परिवार से परिचय था और उनका घर पर आना-जाना रहता था। मछलीशहर तहसील में तैनाती के दौरान उन्होंने श्वेता से निकटता बढ़ाई और शादी का आश्वासन देकर अपने साथ रखने लगे।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपित ने पीड़िता का लगातार मानसिक उत्पीड़न किया। साथ ही उसे विभिन्न पर्यटन स्थलों पर ले जाकर अश्लील वीडियो बनाए और अन्य अधिकारियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव भी डाला। शिकायत के मुताबिक इन परिस्थितियों से परेशान होकर श्वेता सिंह ने 9 मार्च को फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मीरगंज थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















