काठमांडू, 01 अगस्त।
सुनसरी के देवानगंज और कप्तानगंज में हुई घटनाओं के बाद तनाव की स्थिति से गुजर रहे मधेश और पूर्वी तराई के कई इलाकों में प्रशासन ने कर्फ्यू में राहत देना शुरू कर दिया है। शनिवार को सुनसरी की 10 स्थानीय इकाइयों और धनुषा के जनकपुर क्षेत्र से कर्फ्यू हटा लिया गया। इन स्थानों पर अब निषेधाज्ञा लागू रहेगी। सिरहा के लहान में भी कर्फ्यू समाप्त कर दिया गया है, लेकिन गोलबजार में फिलहाल कर्फ्यू जारी है।
सुनसरी जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह 8:30 बजे से इटहरी, रामधुनी, इनरुवा, दुहबी, भोक्राहा नरसिंह, कोशी, गढ़ी, देवानगंज, हरिनगर और बरजू के तय क्षेत्रों से कर्फ्यू हटाने का फैसला किया। इन इलाकों में शाम 5 बजे तक निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। देवानगंज में 28 जुलाई को हुई हिंसक घटना के बाद यहां कर्फ्यू लगाया गया था।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। हालांकि एहतियात के तौर पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, सभा, जुलूस, प्रदर्शन, बैठक और धरना आयोजित करने पर रोक जारी रहेगी।
धनुषा के जनकपुरधाम क्षेत्र में भी शनिवार सुबह 10 बजे से कर्फ्यू समाप्त कर दिया गया। लक्ष्मीनिया, नगराइन, बेलौनी रोड, सिनुरजोडा, सोहनी, मणिमंडप, इस्कॉन जनकपुर और दूधमती पुल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अगले आदेश तक पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने के साथ सभा, जुलूस और प्रदर्शन पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
सिरहा के लहान क्षेत्र से भी शनिवार सुबह 10 बजे कर्फ्यू हटा लिया गया। प्रशासन के अनुसार मौजूदा सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद यह कदम उठाया गया है। गोलबजार में हालात सामान्य होने के बावजूद फिलहाल कर्फ्यू जारी रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति की समीक्षा के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
सुनसरी के कप्तानगंज की घटना के बाद पूर्वी तराई के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन और तनाव बढ़ने पर कर्फ्यू तथा निषेधाज्ञा लागू की गई थी। अब प्रशासन का कहना है कि हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। लोगों से शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा का पालन करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















