अयोध्या, 1 अगस्त।
सीबीआई ने अयोध्या छावनी बोर्ड के एक सहायक स्वच्छता निरीक्षक को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामले में आरोप है कि अनुबंध के आधार पर हाउसकीपिंग कर्मचारियों की नियुक्ति के बदले आरोपी ने धनराशि की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 28 जुलाई को अपने कुछ परिचितों को हाउसकीपिंग कार्य के लिए अनुबंध पर नियुक्त कराने का अनुरोध किया था। आरोप है कि इस पर अधिकारी ने प्रति कर्मचारी 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी और कम से कम 20 कर्मचारियों के दस्तावेज 30 जुलाई तक जमा कराने के लिए कहा। साथ ही रिश्वत नहीं देने पर नियुक्ति नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 30 जुलाई को जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। यह राशि पांच कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए प्रति कर्मचारी 12 हजार रुपये की तय रकम के आधार पर दी जा रही थी।
कार्रवाई के बाद आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद 31 जुलाई को उसे लखनऊ की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 13 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।





















