जोधपुर, 03 अगस्त।
रविवार को हुई तेज बारिश के बाद जोधपुर में जर्जर इमारतों का खतरा सामने आ गया। सोमवार तड़के सदर बाजार थाना क्षेत्र के सिलावटों के मोहल्ले में एक जर्जर मकान की पत्थर की छत की पट्टियां अचानक गिर गईं। इस हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम विश्नोई के अनुसार, इस्हाकिया स्कूल के पास स्थित सिलावटों के मोहल्ले में मोहम्मद इरफान के दो मंजिला मकान में यह हादसा हुआ। परिवार दूसरी मंजिल पर सो रहा था। मकान पहले से जर्जर था और लगातार हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे छत की चार से पांच पत्थर की पट्टियां भरभराकर नीचे गिर गईं।
हादसे के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसी बच्ची को बाहर निकाला। सभी घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अलसिफा (8) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसके पिता मोहम्मद इरफान, मां और दो वर्षीय बच्ची घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। जांच के बाद हादसे वाले जर्जर मकान को सील कर दिया गया। इसके साथ ही उसी गली में स्थित एक अन्य जर्जर मकान को भी एहतियात के तौर पर सील किया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में जर्जर भवनों की पहचान का अभियान शुरू कर दिया गया है। कुछ दिन पहले इसी मोहल्ले के एक अन्य मकान को भी नोटिस देने के बाद सील किया गया था।
















