फर्रुखाबाद, 03 अगस्त।
फर्रुखाबाद जिले के कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में सोमवार को गंगा दरवाजा रोड स्थित शिवाला धाम के पास सड़क किनारे बने नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। वह सफेद रंग की टी-शर्ट और हाफ निकर पहने हुआ था। मौके पर मौजूद लोग उसकी पहचान नहीं कर सके। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
















