दुबई, 5 अगस्त।
संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को करीब 20 मिनट के भीतर लगातार सात विस्फोट होने की खबर सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में घने काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में धुएं के बादल आसपास के इलाके तक फैलते नजर आ रहे हैं।
अब तक स्थानीय प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि विस्फोट किसी हमले का परिणाम थे या फिर किसी औद्योगिक दुर्घटना के कारण हुए। घटना की रिकॉर्डिंग करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोटों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में इन्हें यमन की ओर से किए गए कथित मिसाइल हमले से जोड़कर देखा गया है, हालांकि इस संबंध में अमीरात की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं उपलब्ध उपग्रह आधारित तापीय तस्वीरों के हवाले से यह भी संकेत मिले हैं कि बंदरगाह के निकट स्थित एक गोदाम में आग लगने के बाद यह घटनाक्रम हुआ हो सकता है। बताया गया है कि संबंधित गोदाम का उपयोग ईंधन के भंडारण और स्थानांतरण के लिए किया जाता था।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने या नुकसान की सीमा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है।
जेबेल अली दुबई के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में स्थित प्रमुख औद्योगिक, वाणिज्यिक और लॉजिस्टिक केंद्र है। यहां जेबेल अली बंदरगाह और जेबेल अली फ्री जोन स्थित हैं, जहां 150 से अधिक देशों की 11 हजार से ज्यादा कंपनियां कार्यरत हैं। प्रमुख राजमार्गों और अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधी कनेक्टिविटी होने के कारण यह क्षेत्र वैश्विक व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।














