जोधपुर, 5 अगस्त।
जोधपुर में मंगलवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर खड़ी निजी बसों में आग लगने की घटना से सनसनी फैल गई। कायलाना रोड स्थित संबोधि धाम के पास और चौपासनी स्कूल के निकट खड़ी दोनों बसें देखते ही देखते आग की चपेट में आ गईं। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बसें शेरगढ़ निवासी महिपाल सिंह खिरजा की हैं, जो जोधपुर-शेरगढ़ मार्ग पर संचालित होती हैं। शुरुआती जांच में घटना के पीछे बस रूट को लेकर विवाद और आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस एक हिस्ट्रीशीटर की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बस मालिक महिपाल सिंह खिरजा ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर लंबे समय से उनसे हफ्ता मांग रहा था। उनका कहना है कि रुपये देने से इनकार करने के बाद उनकी दोनों बसों में आग लगा दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी व्यक्ति पर उनकी एक बस में आग लगाने का आरोप लगा था।
मामले में बस मालिक की ओर से प्रतापनगर और राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में नामजद शिकायत दी जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।














