जबलपुर, 5 अगस्त।
लार्डगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, दो देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और 3,020 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का संचालन नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में तथा लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार आरोपी जीरो डिग्री क्षेत्र के पास हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दीपक जाटव को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, मैगजीन में लोड एक जिंदा कारतूस और 1,520 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों आकाश पटेल और आनंद चौधरी के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता था। उसने पुलिस को बताया कि करीब दो माह पहले उन्होंने छोटू चौबे नामक व्यक्ति से दो पिस्टल, चार देशी कट्टे और कारतूस खरीदे थे। इनमें से कुछ हथियार पहले ही अज्ञात लोगों को बेचे जा चुके थे, जबकि शेष हथियार उनके कब्जे में थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आकाश पटेल और आनंद चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक देशी कट्टा, एक-एक जिंदा कारतूस तथा क्रमशः 900 और 600 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों से कुल एक पिस्टल, दो देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और 3,020 रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार दीपक जाटव के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह भोपाल के एक हत्या के मामले में जमानत पर था और ग्वारीघाट क्षेत्र में हत्या के प्रयास के प्रकरण में फरार चल रहा था। वहीं आकाश पटेल पर नौ और आनंद चौधरी पर आबकारी अधिनियम के पांच मामले दर्ज हैं।














