जबलपुर, 5 अगस्त।
जबलपुर जिले के पनागर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने एपीएआर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एक असिस्टेंट मैनेजर के परिवार के दो अलग-अलग बैंक खातों से 1 लाख 56 हजार 123 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चंदन कॉलोनी निवासी शेष नारायण सोनी ने शिकायत में बताया कि ठगी की शुरुआत 29 जुलाई को हुई। उनकी पत्नी नेहा सोनी के गूगल पे से जुड़े मोबाइल नंबर के माध्यम से उनकी मां सकुन सोनी के बैंक ऑफ इंडिया खाते से 30-30 हजार रुपये के दो ऑनलाइन लेनदेन कर कुल 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। उस समय परिवार को खाते से हो रही अनधिकृत निकासी की जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद ठगों ने शेष नारायण सोनी के आईसीआईसीआई बैंक खाते को निशाना बनाते हुए वहां से भी 96 हजार 123 रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित कर लिए। इस तरह तीन दिनों के भीतर परिवार के दोनों खातों से कुल 1 लाख 56 हजार 123 रुपये की धोखाधड़ी की गई।
बैंक खातों की जांच के दौरान लेनदेन की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पनागर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से लेनदेन में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा करने और बिना सत्यापन के ऑनलाइन लेनदेन करने से बचें।














