प्रयागराज, 05 अगस्त।
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी तंत्र के प्रभाव से मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर भारत की ओर बढ़ गई है। इसके असर से उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में आगामी दिनों के दौरान अच्छी वर्षा के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 48 घंटे में प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा से गुजरते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत रही। उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों के चलते यह ट्रफ लाइन उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और गंगा के तराई क्षेत्रों की ओर खिसक गई है।
उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्वी राजस्थान और दिल्ली के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। इसी मौसमीय स्थिति के चलते अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में तेज बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए अगले 48 घंटे के दौरान येलो अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब और बिहार में भी अगले तीन से छह दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं। वहीं राजस्थान के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में वर्षा सामान्य से मध्यम रहने का अनुमान है, जबकि राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश के लिए जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी जारी की। सुबह 7:04 बजे जारी यह चेतावनी सुबह 10:04 बजे तक प्रभावी रही। विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, कानपुर देहात और उन्नाव में गरज-चमक के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, मथुरा, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बदायूं, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभल, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें और विभाग की ओर से जारी ताजा मौसम संबंधी जानकारी पर नजर रखें। बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने और पूरी सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने लोगों से मौसम चेतावनी का पालन करने, जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा प्रतिकूल मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।














