डोडा, 05 अगस्त।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के सरकारी प्राथमिक विद्यालय अरनोरा घाट में विद्यालय की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। कक्षाओं में दरारें, शौचालयों की खराब स्थिति और साफ-सफाई की कमी की शिकायतों के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी भूषण कुमार पाठक ने मामले की जांच के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जोनल शिक्षा अधिकारी को विद्यालय का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। उनका कहना है कि यदि भवन की सुरक्षा या आधारभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
भूषण कुमार पाठक ने बताया कि शिकायतों की पुष्टि के लिए तत्काल निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में लगातार बारिश के मद्देनजर सभी जोनल शिक्षा अधिकारियों को सामान्य एडवाइजरी जारी की गई थी, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि स्कूल भवन का सुरक्षा प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही विद्यालय संचालित किए जाएं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इधर, पिछले 20 दिनों से जारी लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के मंजाकोट क्षेत्र के गंभीर मुग़लान इलाके में सड़कों, सार्वजनिक ढांचे और रिहायशी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते मंजाकोट से थन्नामंडी तक सड़क संपर्क भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
लोक निर्माण विभाग जेसीबी मशीनों की सहायता से मार्ग को दुरुस्त करने में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश और नए भूस्खलन के कारण रास्ता बार-बार बाधित हो रहा है। सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य मोहम्मद आज़ाद ने बताया कि विद्यालय तक जाने वाले मार्ग पर कई गड्ढे हो गए हैं और सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि सड़क की खराब स्थिति और नालियों के ओवरफ्लो होने से विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को आने-जाने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।













