Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अंतरराष्ट्रीय संबंध
05 Aug, 2026

भोपाल में आज से ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन, 10 देशों के मंत्री और प्रतिनिधि जुटेंगे

भोपाल में शुरू हो रहे चार दिवसीय ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन में 10 देशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विदेशी प्रतिनिधि सांस्कृतिक सहयोग तथा विरासत संरक्षण पर मंथन करेंगे।

भोपाल, 5 अगस्त।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में बुधवार से चार दिवसीय ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 का शुभारंभ हो रहा है। आठ अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में किया जा रहा है। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार 10 देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक सहयोग, विरासत संरक्षण और आपसी साझेदारी से जुड़े विभिन्न विषयों पर कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होंगे।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि 5 और 6 अगस्त को अधिकारी स्तर पर नीतिगत मसौदों और विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके बाद 7 और 8 अगस्त को संस्कृति मंत्री और उपमंत्री स्तर की बैठकों में अंतिम सहमति बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले सदस्य देशों के साथ वर्चुअल बैठक और वाराणसी में आयोजित दूसरे चरण की बैठक में प्रारंभिक मसौदे पर विचार-विमर्श हो चुका है। भोपाल में होने वाली यह अंतिम बैठक घोषणा-पत्र को औपचारिक स्वीकृति प्रदान करेगी।

सम्मेलन के पहले दिन शाम को प्रतिनिधिमंडल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय पहुंचेगा, जहां मृदा शिल्प प्रदर्शनी के बीच पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। यहां स्वदेशी शिल्प और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों का जीवंत प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद प्रतिनिधि ट्राइबल हैबिटेट में नागा हाउस और हिमालयी गांव का भ्रमण करेंगे, जहां स्थानीय वास्तुकला, जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत से परिचित होंगे। दिन का समापन वीथि संकुल में दीप प्रज्वलन, दीर्घाओं के अवलोकन और सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा, जिसमें कथक, पारंपरिक सामुदायिक नृत्य तथा भारतीय जनजातीय एवं पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित फैशन शो प्रस्तुत किया जाएगा।

6 अगस्त को आयोजित तीसरी ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह बैठक में संस्कृति मंत्रियों के घोषणा-पत्र के मसौदे और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, संग्रहालय, रचनात्मक उद्योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और सदस्य देशों के बीच जनसंपर्क को मजबूत करने जैसे विषय शामिल रहेंगे। कार्य समूह की अनुशंसाएं मंत्रिस्तरीय बैठक में आगे की चर्चा का आधार बनेंगी। इसी दिन शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। यह कार्यक्रम आम जनता के लिए भी खुला रहेगा।

7 अगस्त की शाम रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का प्रमुख आयोजन होगा। इसमें भारत और ब्रिक्स देशों के प्रसिद्ध कलाकारों और संगीतकारों की विशेष संगीतमय प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम की शुरुआत "सर्वे भवन्तु सुखिनः" के साथ होगी और इसके बाद भारतीय शास्त्रीय संगीत पर आधारित "कलर्स ऑफ इंडियन म्यूजिक" प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण "ब्रिक्स पीस सॉन्ग - पीस इज द लैंग्वेज ऑफ द लैंड" रहेगा, जिसमें बेलारूस, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात की संगीत परंपराओं का समावेश होगा। साथ ही "पीस टू ऑल, हार्मनी टू ऑल" और "क्रेस्केंडो ऑफ यूनिटी" जैसी भव्य ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुतियां भी होंगी।

कार्यक्रम की अंतिम विशेष प्रस्तुति "अमृतस्य मध्य प्रदेश– एक अलौकिक सांस्कृतिक महायात्रा" होगी। विख्यात कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में 125 से अधिक कलाकार मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को मंच पर साकार करेंगे। इसमें भीमबेटका, सांची, खजुराहो, चित्रकूट, उज्जैन, ग्वालियर, ओरछा, मांडू, महेश्वरी-चंदेरी वस्त्र परंपरा तथा बैगा, मटकी और बधाई जैसे जनजातीय लोकनृत्यों की झलक दिखाई जाएगी। प्रस्तुति में ओंकारेश्वर, मां नर्मदा की महाआरती और सिंहस्थ कुंभ-2028 का आध्यात्मिक आमंत्रण भी शामिल रहेगा। सम्मेलन का समापन ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की घोषणा को अपनाने के साथ होगा।

मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल सांची का दौरा करेगा, जहां वे बुद्ध जंबूदीप, सांची स्तूप और चेतियागिरी मंदिर का भ्रमण करेंगे। प्रतिनिधियों के लिए योग एवं ध्यान सत्र भी आयोजित किया जाएगा। शाम को बौद्ध इतिहास और कला पर आधारित त्रिआयामी प्रोजेक्शन मैपिंग तथा प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम का आयोजन होगा।

9 अगस्त को इच्छुक विदेशी प्रतिनिधियों के लिए भीमबेटका शैलाश्रय के वैकल्पिक भ्रमण की व्यवस्था की गई है। यह यात्रा विश्व के महत्वपूर्ण प्रागैतिहासिक सांस्कृतिक स्थलों और भारत की शैल कला विरासत को करीब से जानने का अवसर देगी।

प्रतिनिधियों को भोपाल के ऐतिहासिक और प्राकृतिक वैभव से परिचित कराने के लिए भी विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। 5 और 8 अगस्त को हेरिटेज वॉक, 7 अगस्त को बर्ड वाचिंग, 6 और 7 अगस्त को बड़ी झील में शिकारा राइड तथा स्थानीय हस्तशिल्प और कलाकृतियों की खरीदारी की व्यवस्था की गई है।

विदेशी प्रतिनिधियों को मध्य प्रदेश की समृद्ध पाक परंपरा से परिचित कराने के लिए विशेष व्यंजनों का भी प्रबंध किया गया है। उन्हें मालवी, बुंदेली और निमाड़ी शैली के पारंपरिक व्यंजनों के साथ दाल बाफला, निमोना, रिकमच, गुइया की सब्जी, चंबल का थोपा, चंदिया, बड़ा तथा कोदो-कुटकी जैसे मिलेट आधारित व्यंजन परोसे जाएंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय अतिथियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी और ओरिएंटल व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है।

|
आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। श्रम साध्य कार्यों में सफल होंगे। भय तथा शत्रुहानि की आशंका रहेगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़