जम्मू, 05 अगस्त।
पनुन कश्मीर के अध्यक्ष डॉ. अजय च्रुंगू ने कुलगाम में दो हिंदू मजदूरों की हत्या की घटना की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की प्रकृति का व्यापक आकलन करने और उसी के अनुरूप प्रभावी रणनीति अपनाने की मांग की।
प्रेस वार्ता के दौरान संगठन की ओर से कहा गया कि जम्मू-कश्मीर में सामान्य स्थिति होने के दावों के बावजूद लगातार सामने आ रही आतंकी घटनाएं, लक्षित हत्याएं और घुसपैठ के प्रयास सुरक्षा व्यवस्था के सामने मौजूद चुनौतियों को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।
पनुन कश्मीर का कहना है कि आतंकवाद से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केवल आर्थिक गतिविधियों या पर्यटन को बढ़ावा देना पर्याप्त नहीं होगा। संगठन ने इस समस्या के वैचारिक, संगठनात्मक और लॉजिस्टिक ढांचे के विरुद्ध व्यापक रणनीति अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।













