राजगढ़, 5 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार बस की टक्कर से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने बस जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान श्यामाबाबू वर्मा (52) निवासी कुमारियापाल, थाना मोहन बड़ोदिया के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अकोदिया नाका के पास बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान इकलेरा से इंदौर जा रही शिवशक्ति ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।














