विदिशा, 5 अगस्त।
विदिशा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। अब ग्राम ककरूआ, इमलिया और किरमची बंधेरा के बच्चों को माध्यमिक शिक्षा के बाद हाई स्कूल की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। शिक्षा विभाग ने शासकीय माध्यमिक शाला, किरमची बंधेरा को हाई स्कूल में उन्नत कर दिया है, जहां शिक्षा सत्र 2026-27 से कक्षा 9वीं और 10वीं का संचालन शुरू होगा।
बुधवार को विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने फीता काटकर हाई स्कूल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक क्षेत्र के बच्चों को हाई स्कूल की पढ़ाई के लिए दूरस्थ विद्यालयों तक जाना पड़ता था, जिससे उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए हाई स्कूल के शुरू होने से विद्यार्थियों को अपने गांव के निकट ही शिक्षा का अवसर मिलेगा और ड्रॉपआउट की समस्या में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों की मांग पर विधायक ने विधायक स्वेच्छानुदान निधि से विद्यालय के लिए कंप्यूटर खरीदने हेतु एक लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 2 से 2.5 लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विदिशा एसडीएम क्षितिज शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार, जनपद पंचायत सीईओ गगन बाजपेई, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय के हाई स्कूल में उन्नयन को क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में ग्राम ककरूआ के बच्चों के पांच किलोमीटर दूर स्कूल जाने और रास्ते में जान जोखिम में डालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आया और अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर हाई स्कूल शिक्षा की सुविधा मिल गई है।














