राजगढ़, 5 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में एक कारोबारी साइबर ठगी का शिकार हो गया। आरोपी ने परिचित बनकर विश्वास हासिल किया और फोनपे के माध्यम से अलग-अलग लेनदेन कर 1 लाख 49 हजार 799 रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करा लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बांडीखाली निवासी कारोबारी जगदीश शर्मा, जो मंगल इंटरप्राइजेज का संचालन करते हैं, ने शिकायत में बताया कि 3 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उनका परिचित बताया। आवाज परिचित जैसी लगने पर उन्होंने अपने एक मित्र का नाम लिया, जिस पर आरोपी ने स्वयं को वही व्यक्ति बताकर उनका विश्वास जीत लिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि वह उनके फोनपे खाते में दो लाख रुपये भेज रहा है। कुछ देर बाद उसने संदेश भेजकर राशि भेजने का दावा किया और खाते की पुष्टि किए बिना तत्काल एक लाख रुपये वापस भेजने के लिए कहा। परिचित समझकर कारोबारी ने बताए गए नंबर पर राशि स्थानांतरित कर दी।
इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग कारण बताते हुए 35 हजार, 20 हजार, 45 हजार, 26 हजार 999 और 22 हजार 800 रुपये भी अलग-अलग लेनदेन के जरिए अपने खाते में जमा करा लिए। जब उसने दोबारा रुपये भेजने की मांग की, तब कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ।
सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मोबाइल नंबर, फोनपे खाते और अन्य डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या ऑनलाइन भुगतान संबंधी दावे पर भरोसा करने से पहले अपने बैंक खाते में राशि आने की पुष्टि अवश्य करें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में धनराशि स्थानांतरित न करें।














