जयपुर, 5 अगस्त।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की बाड़मेर इकाई ने कार्रवाई करते हुए बालोतरा जिले की ग्राम विकास अधिकारी को 4,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त जारी कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
एसीबी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सपना कुमारी ग्राम पंचायत जूनाखेड़ा, पंचायत समिति धोरीमन्ना में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2025-26 में आवास स्वीकृत हुआ था।
शिकायत के मुताबिक, मकान निर्माण पूरा होने के बाद तीसरी किश्त के 60 हजार रुपये जारी करने के लिए जियोटैगिंग से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बदले 4,500 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। बुधवार को धोरीमन्ना कस्बे के भादू मार्केट स्थित आरोपी के किराए के मकान पर शिकायतकर्ता से तय राशि लेते ही टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
एसीबी का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।














