धर्मशाला, 5 अगस्त।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एक आरोपी के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने कार्रवाई की। सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस की मौजूदगी में निर्माण को ध्वस्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई डमटाल निवासी शशि कुमार के अवैध निर्माण पर की गई। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नूरपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था। पूरे अभियान के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही और पुलिस ने पूरे क्षेत्र पर लगातार निगरानी बनाए रखी।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














