नई दिल्ली, 05 अगस्त।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने संसद में जारी गतिरोध के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सरकार न तो विपक्ष की बात सुनना चाहती है और न ही जनता से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा कराने के लिए तैयार है।
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार जनहित से जुड़े विषयों को संसद में उठा रहा है। इसके बावजूद सरकार इन मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने सवाल किया कि गृहमंत्री सदन में आकर जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। उनके अनुसार मौजूदा गतिरोध का समाधान सरकार को ही निकालना होगा।
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के साथ पुलिस ने बर्बरता की और बिहार में छात्रों पर एके-47 का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं पर गृहमंत्री को संसद में जवाब देना चाहिए और विपक्ष केवल इन विषयों पर चर्चा चाहता है।
उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण में जवाबदेही तय नहीं की गई और निष्पक्ष जांच भी नहीं कराई जा रही है। विपक्ष इस मामले में वास्तविक स्थिति जानना चाहता है, लेकिन सरकार चर्चा से बच रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष ने ई-20 से जुड़े विषय और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का मुद्दा भी संसद में उठाया है। उनके अनुसार ये सभी जनहित के विषय हैं, फिर भी सरकार इनमें से किसी पर चर्चा कराने की इच्छुक नहीं दिख रही।














