Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
05 Aug, 2026

दतिया हार के बाद भाजपा ने जिला से बूथ तक पूरी संगठनात्मक टीम भंग की

दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने जिला से लेकर बूथ स्तर तक की सभी संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर समीक्षा समिति के माध्यम से कारणों की जांच शुरू कर दी है।

भोपाल, 5 अगस्त।

मध्य प्रदेश की दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी नेतृत्व ने दतिया जिला कार्यकारिणी के साथ सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की वर्तमान इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इसके साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की अनुशंसा पर की गई। इससे पहले मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। बैठक में हार के कारणों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।

समिति के गठन के करीब छह घंटे बाद संगठन ने दतिया जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला पदाधिकारियों, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की सभी मौजूदा इकाइयों को भंग करने का आदेश जारी कर दिया। समीक्षा समिति की रिपोर्ट से केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत कराया गया, जिसके बाद देर रात यह निर्णय लागू किया गया।

उल्लेखनीय है कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। टिकट बदलने के बाद पार्टी के भीतर विरोध सामने आया और कई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं पर प्रकरण भी दर्ज हुए। बाद में नरोत्तम मिश्रा ने स्वयं समर्थकों से आशुतोष तिवारी के समर्थन की अपील की थी।

नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित कई पदाधिकारियों ने इस्तीफे भी सौंप दिए थे। उस समय संगठन ने स्पष्ट किया था कि कोई भी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा, लेकिन उपचुनाव में हार के बाद अब पूरे जिला संगठन को ही भंग कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई समीक्षा बैठक में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने चुनाव के दौरान भीतरघात से जुड़े ऑडियो रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट प्रस्तुत किए। उन्होंने भावुक होकर अपनी बात रखी। बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, उपचुनाव प्रभारी, सांसद भारत सिंह कुशवाह, कई मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद हार के कारणों और भीतरघात के आरोपों की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई।

समीक्षा समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को शामिल किया गया है। समिति चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर यह पता लगाएगी कि किन कारणों से पार्टी उपचुनाव में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी।

पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि हार की जिम्मेदारी सबसे पहले उस जिला कार्यकारिणी पर डाली गई, जिसे नरोत्तम मिश्रा समर्थक माना जाता था। जिलाध्यक्ष से लेकर महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और मोर्चा प्रभारियों तक अधिकांश पदाधिकारी इसी समूह से जुड़े बताए जाते हैं। टिकट परिवर्तन के बाद सामूहिक इस्तीफे की स्थिति भी इसी कारण बनी थी।

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा जिला कार्यालय में भी सामान्य चुनावी गतिविधियां नहीं हो सकीं। केवल डॉ. नरोत्तम मिश्रा की एक बैठक के अलावा कार्यालय में पूरे चुनाव के दौरान अपेक्षित राजनीतिक गतिविधियां नहीं दिखीं।

उपचुनाव के दौरान विरोध को नियंत्रित करने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने तत्काल इस्तीफे स्वीकार नहीं करने की रणनीति अपनाई थी। इसी कारण प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह लगातार दतिया पहुंचकर चुनावी तैयारियों की निगरानी करते रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भीतरघात को लेकर संगठन के भीतर गंभीर चर्चा हुई है और इसे हार का बड़ा कारण माना जा रहा है।

उधर, उपचुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है, वहीं भाजपा के कई स्थानीय गुटों में राजनीतिक गतिविधियां थमी हुई दिखाई दे रही हैं। इस बीच संगठनात्मक पुनर्गठन और समीक्षा की प्रक्रिया जारी है, जिससे दतिया का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

|
आज का राशिफल

कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। श्रम साध्य कार्यों में सफल होंगे। भय तथा शत्रुहानि की आशंका रहेगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़