प्रयागराज, 05 अगस्त।
लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि दोनों नदियां अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं। प्रशासन के अनुसार जिले के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और फिलहाल किसी प्रकार की चिंता की स्थिति नहीं है।
बुधवार सुबह आठ बजे जारी बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट में बताया गया कि प्रयागराज में खतरे का जलस्तर 84.734 मीटर निर्धारित है। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर की निगरानी कर रहा है और स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट के अनुसार नैनी में यमुना नदी का जलस्तर 74.96 मीटर दर्ज किया गया, जो बीते 24 घंटे में 18 सेंटीमीटर बढ़ा है। नैनी क्षेत्र में इसी अवधि के दौरान 41.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं फाफामऊ में गंगा नदी का जलस्तर 78.32 मीटर मापा गया, जहां पिछले 24 घंटे में 31 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज हुई। इस क्षेत्र में 22.6 मिलीमीटर वर्षा हुई।
इसी प्रकार छतनाग में गंगा का जलस्तर 74.59 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 14 सेंटीमीटर बढ़ा है। यहां 28.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों ने बताया कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने के बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और प्रशासन संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों के साथ लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है।














