मॉस्को, 14 सितंबर।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यूक्रेन से रूस के डीजल उत्पादन से जुड़े ठिकानों पर हमले रोकने की अपील का क्रेमलिन ने स्वागत किया है। रूस ने कहा कि नागरिक आर्थिक ढांचे पर हमले रोकने की किसी भी अपील का समर्थन किया जाना चाहिए।
ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से रूसी डीजल ढांचे को निशाना बनाने वाले हमले बंद करने का आग्रह किया था। उनका कहना था कि इन हमलों से ईंधन की कमी पैदा हो रही है, जिसका प्रभाव दुनियाभर में पड़ रहा है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नागरिक आर्थिक ढांचे पर हमले रोकने की अपील का स्वागत किया जाना चाहिए।
हालांकि, पेस्कोव ने वैश्विक ऊर्जा बाजार में जारी अस्थिरता के लिए मुख्य रूप से फारस की खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और नए दौर की सैन्य कार्रवाई को जिम्मेदार बताया।
उन्होंने कहा कि डीजल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने से रूस के घरेलू बाजार में ईंधन की आपूर्ति बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
















