काठमांडू, 17 सितंबर।
बीती 26 अगस्त को नेपाल के रसुवा जिले के अंतर्गत बहने वाली भोटेकोशी नदी में मची भीषण तबाही और बाढ़ के चलते नेपाल यातायात व्यवसायी राष्ट्रीय महासंघ से जुड़े कुल 191 वाहन मलबे में तबाह हो गए हैं। इस आपदा के कारण विभिन्न वाहनों के चालकों, सहचालकों और यात्रियों समेत कुल 344 लोगों के लापता होने की दुखद सूचना सामने आई है।
महासंघ के महासचिव डेकनाथ गौतम द्वारा दी गई विस्तृत जानकारी के मुताबिक, इस आपदा की चपेट में देश की नौ प्रमुख यातायात कंपनियों के वाहन आए हैं। इनमें नेपाल अरनिको यातायात सेवा प्राइवेट लिमिटेड के 19 बस, एक मिनीट्रक, दो जीप और चार कंटेनर बाढ़ में बह गए हैं, और इस दौरान 50 मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। इसी क्रम में पासाड़ ल्हामु यातायात प्राइवेट लिमिटेड (बालाजु) की 19 बसें भी इसकी भेंट चढ़ी हैं और 21 लोग लापता हैं। भक्तपुर न्यू विजन यातायात प्राइवेट लिमिटेड के दो कंटेनर मलबे के नीचे दबने से दो चालकों का सुराग नहीं मिल पाया है।
इसके अलावा, हिमालयन यातायात कंपनी के चार ट्रक, 16 कंटेनर और एक सूमो वाहन के बह जाने से 10 चालक लापता हैं। नेपाल टिपर तथा ट्रक व्यवसायी समिति के 7 टिपर, 22 कंटेनर, 23 ट्रक और एक ट्रेलर भी बाढ़ के मलबे में समा गए हैं, और इस कंपनी के 45 चालक लापता बताए गए हैं। नारायणी यातायात व्यवसायी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के भी 59 ट्रक व कंटेनर बाढ़ में बह गए हैं तथा 70 लोगों के लापता होने की खबर है। नेपाल माइक्रो कंपनी की 9 माइक्रोबसें भी इस आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पृथ्वी राजमार्ग संचालक कंपनी की एक बस क्षतिग्रस्त होने के कारण एक चालक और 22 यात्री गायब हैं, जबकि धाडिंग यातायात प्राइवेट लिमिटेड की एक बस के बह जाने से उसमें सवार एक चालक और 25 तीर्थयात्री भी लापता हैं।
















