काठमांडू, 18 सितंबर।
नेपाल में बाढ़ से प्रभावित अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना के एडिट-3 टनल में चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान के दौरान शुक्रवार को 13 शव बरामद किए गए। नेपाली सेना और परियोजना प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम लगातार टनल के भीतर तलाशी अभियान चला रही है। इसी दौरान लोहे की छड़ों से बनी जाली में फंसी अवस्था में शव मिले।
सेना के अनुसार, दोपहर 12:05 बजे तक टनल से छह शव बरामद कर बाहर निकाले जा चुके थे। इसके बाद तलाशी आगे बढ़ने पर सात और शव मिले। इस तरह टनल से अब तक कुल 13 शव बरामद किए जा चुके हैं। सेना की संयुक्त बचाव टीम अभी भी टनल के अंदर अभियान जारी रखे हुए है।
उधर, त्रिशूली-3बी जलविद्युत परियोजना के पावर हाउस क्षेत्र में भी खोज अभियान तेज किया गया है। नेपाली सेना और अन्य बचावकर्मियों की संयुक्त टीम ने तीन एक्स्काभेटर और लोडर की मदद से पावर हाउस क्षेत्र में खुदाई कर तलाशी ली। हालांकि, अब तक इस क्षेत्र से कोई शव या अन्य व्यक्ति बरामद नहीं हुआ है।
















