इस्लामाबाद, 21 सितंबर।
पाकिस्तान ने सोमवार को अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में हवाई कार्रवाई कर 28 आतंकियों को मारने का दावा किया है। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, कुनार और पक्तिका प्रांतों में आतंकवादी ठिकानों और आत्मघाती हमलावरों के प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया गया। हालांकि, अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने हमलों में तीन नागरिकों की मौत और चार लोगों के घायल होने का दावा किया है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय के अनुसार, तीन ठिकानों को निशाना बनाकर की गई कार्रवाई में आतंकवादी संगठनों के ठिकाने, आत्मघाती हमलावरों का प्रशिक्षण केंद्र, हथियार और गोला-बारूद नष्ट किए गए। पाकिस्तान ने यह कार्रवाई हाल में खैबर पख्तूनख्वा में हुए घातक हमलों के बाद की है।
अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने हमले को लेकर अलग दावा किया है। उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार, कुनार के नूरगल जिले में एक मकान पर हमला हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हुए। पक्तिका के बरमल जिले में दो स्थानों पर बमबारी से एक दुकान और एक खाली मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई है।
अफगान पक्ष के मुताबिक, पक्तिका में हमले के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। संयुक्त राष्ट्र मिशन ने भी कुनार में तीन नागरिकों की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
तालिबान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान की कार्रवाई की निंदा करते हुए उचित जवाब देने की बात कही है। दोनों देशों के बीच सीमा पार आतंकवाद और सैन्य कार्रवाई को लेकर तनाव पहले से बना हुआ है।
















