काठमांडू, 22 सितंबर।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी ने 21 सितंबर को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात की। विदेश मंत्रियों की यह बैठक स्थानीय समयानुसार शाम 4:55 बजे शुरू हुई और करीब 30 मिनट चली।
बैठक में मोतेगी ने नेपाल में हुई विनाशकारी आपदा से हुए भारी नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों और आपदा प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही राहत और बचाव के लिए नेपाल सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जापानी विदेश मंत्री ने कहा कि जापान आपदा के तत्काल राहत चरण से लेकर मध्यम और दीर्घकालीन पुनर्निर्माण तक नेपाल के आत्मनिर्भर प्रयासों को मजबूत करने में सहयोग जारी रखेगा।
मोतेगी ने जापान की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी भी दी। इसमें आपातकालीन राहत सामग्री, अंतरराष्ट्रीय और अन्य संगठनों के माध्यम से 30 लाख अमेरिकी डॉलर की आपातकालीन अनुदान सहायता शामिल है।
उन्होंने बताया कि लापता लोगों की पहचान में सहायता के लिए विशेषज्ञों की टीम और डीएनए परीक्षण उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मोतेगी ने कहा कि जापान नेपाल के साथ खड़ा है और लंबे समय से मित्र रहे देश के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहता है।
बैठक में जापानी विदेश मंत्री ने बताया कि इस वर्ष जापान और नेपाल के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जापान ने नेपाल में लोकतंत्र को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में लगातार सहयोग दिया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवंबर में नेपाल में आयोजित होने वाला 70वीं वर्षगांठ समारोह ‘नेपाल-जापान फेस्टिवल’ दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगा।
मोतेगी ने कहा कि जापान नेपाल के शाह प्रशासन के साथ विभिन्न पहलों पर काम करते हुए सहयोग जारी रखेगा। इसमें जेआईसीए के माध्यम से नागढुंगा सुरंग परियोजना जैसे बुनियादी ढांचे का विकास, घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य नेपाल की आर्थिक वृद्धि को मजबूत करना है। इसके जवाब में विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने आपदा के बीच जापान सरकार और वहां के लोगों की संवेदना व एकजुटता के लिए आभार जताया।
खनाल ने बताया कि नेपाल के अधिकारी उन विदेशी नागरिकों की खोज और बचाव में पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। इनमें जापानी नागरिक भी शामिल हैं।
नेपाल के विदेश मंत्री ने नेपाल के प्रति जापान सरकार और जनता के लंबे समय से जारी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने की इच्छा है।
















