क्वेटा (बलोचिस्तान), 23 सितंबर।
पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान में हिंसा और संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामलों के तहत राजधानी क्वेटा और केच क्षेत्रों में सुरक्षा बलों तथा पुलिस थानों को निशाना बनाकर बड़े हमले किए गए हैं, जिससे इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने क्वेटा के अघबर्ग क्षेत्र में स्थित एक पुलिस थाने पर अचानक धावा बोल दिया। इस दौरान हमलावरों और पुलिसकर्मियों के बीच भीषण गोलीबारी व झड़प हुई, जिसमें पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच हमलावरों को ढेर करने का दावा किया है। वहीं दूसरी ओर, केच जिले के हेरोंक इलाके में सुबह-सुबह हुए एक शक्तिशाली बम धमाके ने पाकिस्तानी थल सेना के सैनिकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस विसफोट में कई सैनिकों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इसी बीच, बलोचिस्तान लिबरेशन फ्रंट के प्रवक्ता मेजर घोरम बलोच ने एक आधिकारिक बयान जारी कर दावा किया है कि उनके संगठन की महिला इकाई 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' ने टुरबत के पास जुस्क इलाके में सीपीईसी (CPEC) हाईवे पर पाकिस्तानी सेना के एक्शन टास्क फोर्स के काफिले पर घात लगाकर हमला बोला। इस घातक एम्बुश के दौरान सेना के कई जवान मौके पर ही मारे गए और उनके वाहनों को भी भारी क्षति पहुंची है।
















