कोलकाता, 24 सितंबर।
अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी इन दिनों पश्चिम बंगाल के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। बुधवार रात कोलकाता पहुंचने के बाद उन्होंने गुरुवार सुबह पत्नी के साथ कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके दौरे का प्रमुख उद्देश्य राज्य में बड़े औद्योगिक निवेश को लेकर चर्चा माना जा रहा है।
गौतम अडानी कालीघाट मंदिर में दर्शन के बाद न्यू टाउन जाएंगे। यहां प्रस्तावित दो हजार बिस्तरों वाले अस्पताल ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ के शिलान्यास समारोह में वे शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
इसके बाद अलीपुर स्थित ‘सौजन्य’ भवन में मुख्यमंत्री और अडानी समूह के प्रतिनिधियों के बीच निवेश को लेकर उच्च स्तरीय बैठक होगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बैठक में ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार को लेकर राज्य सरकार और अडानी समूह के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
इस बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होंगे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार नए उद्योगों और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में कई बड़े उद्योगपति निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।
अडानी समूह स्वास्थ्य क्षेत्र के अलावा बंगाल के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी निवेश की योजना बना रहा है। कारोबारी निवेश के साथ समूह राज्य के सबसे बड़े उत्सव दुर्गा पूजा से भी जुड़ने जा रहा है।
समूह राज्य की आठ सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक दुर्गा पूजा समितियों का चयन करेगा और प्रत्येक को 25 लाख रुपये की सम्मान राशि देगा। इसके अलावा 10, 11 और 12 अक्टूबर को देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों के लिए विशेष पूजा भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें दुनिया भर में दुर्गा पूजा की कला और परंपरा को प्रदर्शित किया जाएगा
















