नोएडा, 24 सितंबर।
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में आग लगने की घटना में नौ लोगों की मौत हुई है। गुरुवार शाम तक पुलिस ने छह मृतकों की पहचान कर ली थी। इनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष हैं, जबकि तीन मृतकों की पहचान अभी बाकी है।
पहचाने गए मृतकों में छतरपुर, मध्य प्रदेश की 31 वर्षीय श्रुति रावत, हमीरपुर की 65 वर्षीय उषा देवी, जालौन के 55 वर्षीय हर शरण गुप्ता, हिसार के 60 वर्षीय देवेंद्र भारद्वाज, हमीरपुर की 52 वर्षीय सरोज गुप्ता और 28 वर्षीय मयंक गुप्ता शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आग की वजह से कुछ शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान में कठिनाई आ रही है। शेष मृतकों की पहचान के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
हादसे को लेकर हमीरपुर के राठ निवासी सुनील कुमार ने जेवर थाने में बस चालक और परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस उपायुक्त रवि शंकर निम ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 बी, 105 और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार बस बुधवार की मध्य रात्रि दिल्ली के कश्मीरी गेट से 35 यात्रियों को लेकर महोबा के लिए रवाना हुई थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब 33 किलोमीटर पहुंचने के बाद चलती बस में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 26 यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया, जबकि नौ लोगों की आग में झुलसने से मौत हो गई। धुएं के कारण बेहोश हुए कुछ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनकी हालत अब ठीक बताई गई है।
जांच में पुलिस को पता चला कि बस मध्य प्रदेश से संचालित राज कल्पना ट्रेवल्स की है और दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। बस का पंजीकरण बिहार में हुआ है। इसका फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान और प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी हुआ है। नोएडा में बस का कोई निर्धारित ठहराव नहीं था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग बस के एयर कंडीशन में हुए स्पार्क से लगने की बात सामने आई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
















