राजनीति
09 May, 2026

सुब्रत गुप्त बने मुख्यमंत्री सलाहकार, शांतनु बाला को निजी सचिव की जिम्मेदारी

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक टीम में बड़ा बदलाव करते हुए सुब्रत गुप्त को सलाहकार और शांतनु बाला को निजी सचिव नियुक्त किया है।

कोलकाता, 09 मई।

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर प्रशासनिक टीम में अहम नियुक्तियां कर दी हैं। पूर्व आईएएस अधिकारी सुब्रत गुप्त को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है, जबकि 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार सुब्रत गुप्त इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग में विशेष पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके साथ ही पिछले वर्ष अक्टूबर में राज्य में शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान भी उन्हें पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया था। उनके कार्य को लेकर आयोग द्वारा संतोष व्यक्त किए जाने के बाद उन्हें विधानसभा चुनाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई थी।

दूसरी ओर, शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव बनाए जाने से पहले दक्षिण 24 परगना जिले में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे कूचबिहार और मुर्शिदाबाद जिलों में भी इसी पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग द्वारा राज्य के कई प्रशासनिक पदों पर व्यापक बदलाव किए गए थे। वर्तमान में राज्य के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला और गृह सचिव संगमित्रा घोष पद पर कार्यरत हैं, हालांकि नई सरकार के गठन के बाद इन पदों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार को नवान्न जाएंगे, जहां नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी आयोजित किए जाने की संभावना है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़