अंबिकापुर, 14 अप्रैल
अंबिकापुर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में कड़े मुकाबलों के बीच सीतापुर के शिक्षक सुशील मिश्रा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सरगुजा चैंपियनशिप पर कब्जा जमा लिया। सीमा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन राष्ट्रीय स्तर की शतरंज संस्थाओं के दिशा-निर्देश में किया गया, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों ने भाग लेकर मुकाबले को बेहद प्रतिस्पर्धी बना दिया।
चार दिन तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सुशील मिश्रा ने आठ में से छह मुकाबलों में जीत दर्ज कर नॉन-रेटेड वर्ग में सबसे अधिक अंक अर्जित किए। उनके इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें सरगुजा चैंपियन घोषित किया गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने उन्हें विजेता ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
सुशील मिश्रा का यह प्रदर्शन उनके खेल जीवन में एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है। इससे पूर्व वर्ष 2023 में भी उन्होंने ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज शतरंज प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर चयनित होकर भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया था। इस बार आयोजित प्रतियोगिता में कुल 302 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 244 पुरुष और 57 महिला खिलाड़ी शामिल रहीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबले और भी रोचक बन गए।
इस उपलब्धि से सुशील मिश्रा के परिवार और नगर में उत्साह का माहौल है। साथ ही क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी इस सफलता से नई प्रेरणा मिली है, जिससे शतरंज के प्रति रुचि और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।









.jpg)


