हैदराबाद, 09 अप्रैल।
तेलंगाना के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री टी. जीवन रेड्डी ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए भारत राष्ट्र समिति में शामिल होने की घोषणा कर दी है। गुरुवार को जगतियाल में बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव से मुलाकात के बाद उन्होंने यह ऐलान किया।
टी. जीवन रेड्डी ने हाल ही में कांग्रेस से अपना 42 वर्षों पुराना संबंध समाप्त करते हुए इस्तीफा दिया था। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से नाराजगी जताते हुए कहा था कि संगठन में पुराने नेताओं की अनदेखी और अपमान किया जा रहा है, जबकि दल बदलकर आने वालों को अधिक महत्व दिया जा रहा है।
केटी रामाराव से मुलाकात के बाद उन्होंने बीआरएस में शामिल होने का निर्णय सार्वजनिक किया। माना जा रहा है कि वह 13 अप्रैल को एक बड़ी जनसभा के दौरान अपने समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
इससे पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को हार का सामना करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना करते हुए कहा कि बीते दस वर्षों का शासन वर्तमान सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल से बेहतर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार हर क्षेत्र में असफल साबित हुई है और आगामी चुनावों में बीआरएस फिर से सत्ता में वापसी करेगी। अब तक अपने अगले कदम को लेकर चुप्पी साधे रहे जीवन रेड्डी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने बीआरएस में जाने का फैसला कर लिया है।
केटी रामाराव से मुलाकात के बाद उनके समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और राजनीतिक माहौल में हलचल तेज हो गई।











.jpg)

