भोपाल, 09 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में इस वर्ष विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत 68 महाविद्यालयों में एआई एवं फिनटेक विथ एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इन महाविद्यालयों में 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और 13 स्वायत्त महाविद्यालय शामिल हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने गुरुवार को बताया कि यह पाठ्यक्रम आईआईटी दिल्ली के सहयोग से संचालित किया जाएगा और विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इसका लाभ मिलेगा। विभाग द्वारा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष 2000 विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फिनटेक विथ एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले वर्ष इस लक्ष्य को 1000 विद्यार्थियों के लिए रखा गया था, जिसे इस वर्ष दोगुना कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने बताया कि परंपरागत विषयों से अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को अब रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे भविष्य में आसानी से रोजगार से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण की सफलता को देखते हुए छात्र संख्या में वृद्धि की गई है और यह पहल विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देगी।
प्रदेश के इन 68 महाविद्यालयों में शुरू होने वाले इस कोर्स से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षता भी प्राप्त होगी। विभाग की यह पहल उच्च शिक्षा और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक नए आयाम की शुरुआत मानी जा रही है।








.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)