मौसम
28 Mar, 2026

तेज धूप के बाद मौसम का बड़ा बदलाव, किसानों और आम जनता के लिए चेतावनी

राजस्थान में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होने से कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना, किसानों को खेत और उपज सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।

28 मार्च 2026, जयपुर:प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से राजस्थान में नया मौसमी तंत्र सक्रिय होगा, जिसका असर लगभग सभी जिलों में दिखेगा। आने वाले कुछ दिनों में प्रदेशभर में बादल छाने के साथ बारिश, तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने सात जिलों के लिए 28 मार्च को यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि आगामी दिनों में मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर सहित कई शहरों में दिनभर तेज धूप रही, जिससे हल्की गर्मी महसूस हुई। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान कोटा में 37.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि जयपुर में भी साफ आसमान और तेज धूप के कारण गर्मी बनी रही।

मौसम विभाग ने 28 मार्च से एक अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। किसानों को खेतों में कटी हुई फसल या मंडियों में खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि नुकसान से बचा जा सके।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार एक अप्रैल तक प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद अप्रैल के पहले सप्ताह में भी नए सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य या उससे नीचे रह सकता है।

लगातार सक्रिय हो रहे मौसम सिस्टम के कारण फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन किसानों के लिए यह समय सावधानी बरतने का है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़