बलिया, 11 अप्रैल 2026।
बलिया नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के व्यापक आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके तहत नगर के दस प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है।
शुक्रवार को मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, जल निगम के सहायक अभियंता तथा विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बताया कि परिवहन मंत्री के प्रयासों के परिणामस्वरूप चौराहों के सुंदरीकरण और आधुनिकीकरण के लिए शासन द्वारा तीन करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जबकि पूरी परियोजना की अनुमानित लागत लगभग पांच करोड़ रुपये तय की गई है।
इस योजना के अंतर्गत चौराहों पर आधुनिक एलईडी स्क्रीन, ट्रैफिक सिग्नल, बुलेट कैमरे, ध्वनि प्रणाली तथा विभिन्न सिविल कार्य कराए जाएंगे। साथ ही चौराहों का चौड़ीकरण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, डिवाइडर निर्माण और विद्युत पोलों के स्थानांतरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे।
इस परियोजना में कलेक्ट्रेट चौराहा, कुंवर चौराहा, एनसीसी चौराहा, मिड्ढा चौराहा, चित्तू पांडे चौराहा, रेलवे चौराहा, कदम चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, चौक तथा जैपलिनगंज चौराहा शामिल हैं, जिनका समग्र रूप से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही एक आधुनिक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी चौराहों पर लगे कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए भूमिगत केबल बिछाई जाएगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस योजना से न केवल चौराहों का स्वरूप निखरेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होगी और शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट चौराहा और कुंवर चौराहा के लिए विशेष कार्ययोजना भी तैयार की गई। कलेक्ट्रेट चौराहे से ट्रांसफार्मर हटाकर विद्युत पोलों का स्थानांतरण किया जाएगा तथा चौराहे का चौड़ीकरण कर इसे भव्य स्वरूप दिया जाएगा। वहीं कुंवर चौराहे पर भी ट्रांसफार्मर और पोल हटाकर पाइपलाइन को व्यवस्थित किया जाएगा।










.jpg)