अपराध
27 Apr, 2026

बांसवाड़ा के टामटिया गांव में हिंसा के बाद तनाव, युवक की हत्या के बाद 30 से अधिक घर जलाए

बांसवाड़ा के टामटिया गांव में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते भड़की हिंसा में युवक की हत्या के बाद 30 से अधिक घर जलने से तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं और पुलिस भारी बल के साथ स्थिति नियंत्रित करने में जुटी है।

बांसवाड़ा, 27 अप्रैल

जिले के मोटा गांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में रविवार देर रात हुई हिंसक घटना के बाद सोमवार को भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए चार थानों की पुलिस बल तैनात किया गया है, साथ ही जिला मुख्यालय से अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मौके पर भेजा गया है। गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद भड़क गया, जिसमें कुल्हाड़ी से हमला कर गोविंद पुत्र छगनलाल की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए और दूसरे पक्ष के घरों व बाड़ों में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी कर दी।

हिंसा के दौरान 30 से अधिक घर आग की चपेट में आकर जल गए और कई स्थानों पर पथराव की घटनाएं भी हुईं। इस दौरान कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पथराव कर पुलिस को गांव में प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके बाद अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।

स्थिति को संभालने के लिए फायर ब्रिगेड की सहायता ली गई, जिससे रात में आग पर काबू पाया जा सका, हालांकि कई घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

थानाधिकारी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बहाली के प्रयास कर रही है।

उधर, पुलिस अधीक्षक और उपखंड अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, जबकि प्रशासन ने भीड़ एकत्र होने पर रोक लगाकर शांति बनाए रखने की अपील की है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़