राजगढ़, 30 अप्रैल।
राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में ग्राम काल्याखेड़ी जोड़ के समीप बुधवार देर रात सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक बाइक टकरा गई। इस भीषण हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो चचेरे भाई घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम बाबड़ीखेड़ा निवासी कमल सौंधिया उम्र 30 वर्ष अपने दो चचेरे भाइयों राधेश्याम उम्र 18 वर्ष और ईश्वर सौंधिया उम्र 23 वर्ष के साथ शादी समारोह में शामिल होने गणेशपुरा जा रहा था। ईश्वर की ससुराल में विवाह कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए तीनों एक ही बाइक से रात के समय रवाना हुए थे। बाइक कमल चला रहा था।
जैसे ही वे काल्याखेड़ी जोड़ के पास पहुंचे, वहां सड़क पर बिना किसी संकेत के खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कमल सौंधिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राधेश्याम और ईश्वर को अंदरूनी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर बिना संकेत खड़ी ट्रॉली के कारण यह दुर्घटना होने की आशंका है। मामले की जांच जारी है।






.jpg)





