नाहन, 16 मई।
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 2.034 किलोग्राम भुक्की बरामद की है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई को थाना पांवटा साहिब की टीम बद्रीपुर चौक पर नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में भुक्की लेकर व्यक्ति उत्तराखंड की ओर से नए राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते पांवटा साहिब आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक चालक के कब्जे से 2.034 किलोग्राम भुक्की बरामद हुई।
आरोपी की पहचान शराफत अली पुत्र नसीरूदीन, निवासी गांव टोकियों, डाकघर सैनवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।










