कूचबिहार, 14 मई।
दिनहाटा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने सोशल मीडिया पर सक्रिय दो कंटेंट क्रिएटर्स को गिरफ्तार किया है, जिससे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को एक वायरल वीडियो को लेकर प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुख्यमंत्री के खिलाफ वीडियो में अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायत मिलने के बाद दिनहाटा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को दिनहाटा इलाके से हिरासत में लिया। बाद में उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय कंटेंट क्रिएटर हैं और उन्होंने अपने अकाउंट पर यह विवादित वीडियो पोस्ट किया था।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर पहले दोनों को हिरासत में लिया गया और फिर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इसी बीच पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का ऐसा कंटेंट अपलोड या प्रसारित नहीं किया जा सकता जिसमें आपत्तिजनक भाषा हो या जिससे सामाजिक एवं धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हों, और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)






