राजगढ़, 08 अप्रैल 2026।
राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक सूने पड़े घर से बड़ी राशि और गहने चोरी होने का मामला है, जबकि दूसरी में घर की किचिन से गैस की टंकी गायब हो गई।
पहली वारदात इंदिरा कॉलोनी में हुई, जहां 75 वर्षीय मुन्नीबाई पत्नी इमरतलाल भोई ने बताया कि वे परिजनों के साथ शादी समारोह में गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर रात में घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश कर गया और अलमारी से दो लाख रुपये नकद, 250 ग्राम चांदी की पायजेब, सोने की हाय और एक मोती चुरा ले गया। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग दो लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना ग्राम बिग्नोदीपुरा में सामने आई। 40 वर्षीय दुर्गाप्रसाद पुत्र सिद्धलाल शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित रसोई से भारत गैस की टंकी चोरी हो गई। उन्होंने गांव के युवक लखन पुत्र घिसूलाल शर्मा पर चोरी का संदेह जताया। पुलिस ने संदेही लखन के खिलाफ धारा 331(3) और 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दोनों मामलों में पुलिस टीम सक्रिय रूप से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।









.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
