गोण्डा, 08 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया और उसका साथी भी गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस को पशु चोरों के सक्रिय गिरोह से आमना-सामना हुआ। घेराबंदी के समय आरोपी भागने लगे, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश के पैर में गोली लगाई, जिससे वह घायल हो गया और उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरा आरोपी मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, एक चार पहिया वाहन तथा 1 लाख 27 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, यह राशि चोरी की गई भैंसों को बेचकर जुटाई गई थी।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि घायल बदमाश दद्दन पुत्र हनीफ और उसके साथी फारूक अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह दोनों गोंडा और बस्ती में भैंस चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। दद्दन के खिलाफ आठ और फारूक के खिलाफ चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ नवाबगंज थाना में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


