मैहर, 20 अप्रैल
बदेरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो युवकों की जान ले ली। यह दुर्घटना करीब 11:30 बजे बंधी के पास उस समय हुई जब तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरवा नंबर-2 निवासी गोविंद साकेत उम्र 20 वर्ष और अजय साकेत उम्र 21 वर्ष के रूप में की गई है। दोनों युवक बाइक से बदेरा-भदनपुर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद मौके पर भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर को रोक लिया और उस पर पथराव करते हुए शीशे तोड़ दिए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लगभग डेढ़ घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए ग्रामीणों को शांत कराया तथा मार्ग को खुलवाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवक किस कार्य से भदनपुर की ओर जा रहे थे, जिसकी जांच की जा रही है।








.jpg)

