जबलपुर, 29 अप्रैल
जबलपुर में ‘लव जिहाद’ और कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विवाह पंजीयन से संबंधित सूचना बोर्ड पर नामों को जानबूझकर छिपाया जा रहा है, जिससे प्रस्तावित विवाहों की जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पा रही है।
एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि नौ हिंदू युवतियां मुस्लिम युवकों के साथ विवाह करने जा रही हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया कि विवाह संबंधी नोटिस संबंधित युवतियों के घर तक नहीं पहुंचने दिए जाते और उन्हें बीच में ही दबाव या प्रभाव के कारण गायब कर दिया जाता है।
कार्यकर्ताओं ने विभिन्न न्यायालयों के निर्णयों का हवाला देते हुए इन विवाहों पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह केवल विवाह का विषय नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण का प्रयास है।
इस पूरे मामले में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।












