सीवान, 16 अप्रैल
सीवान जिले के महादेवा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें रघुनाथपुर के राजद विधायक ओसामा शहाब सहित कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामला गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धर्म परसा निवासी डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है, जिसमें उन्होंने करीब 30 से 35 लोगों को आरोपी बनाया है। आरोप है कि जमीन से जुड़े विवाद को लेकर उनके साथ और उनके पक्ष से जुड़े लोगों पर हमला किया गया और निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
शिकायत में बताया गया है कि 7 सितंबर 2024 को उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर खाता संख्या 82, सर्वे संख्या 942 की 11.904 डिसमिल जमीन संयुक्त दस्तावेज के माध्यम से खरीदी थी, जिसकी जमाबंदी अंचल कार्यालय द्वारा उनके संयुक्त नाम से दर्ज कर दी गई थी। यह भूमि महादेवा थाना क्षेत्र के झूनापुर में राम जानकी राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित है।
आरोप के अनुसार करीब तीन माह पूर्व विधायक ओसामा शहाब का फोन आया था, जिसमें उन्होंने कहा कि इस जमीन को उन्होंने भी बैनामा कराया है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए निर्माण कार्य रोक दिया जाए और दस्तावेज उन्हें सौंप दिए जाएं। इसके बाद पीड़िता ने अपने सभी कागजात विधायक को दे दिए थे, जिस पर उन्हें आश्वासन मिला कि यदि दस्तावेज सही पाए गए तो निर्माण में कोई बाधा नहीं आएगी।
आरोप है कि इसके बाद लंबे समय तक कोई आपत्ति नहीं आई और निर्माण कार्य चलता रहा, लेकिन बाद में 14 अप्रैल 2026 को फिर से विधायक की ओर से फोन कर काम रोकने का दबाव बनाया गया। इसके कुछ ही समय बाद 30 से 35 लोगों का समूह निर्माण स्थल पर पहुंचा और मजदूरों के साथ मारपीट करते हुए मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरा और मशीनरी व औजार कब्जे में ले लिए गए।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि दो लोगों ने धमकी दी कि यदि जान की सलामती चाहते हैं तो निर्माण कार्य छोड़कर गोरखपुर लौट जाएं और जमीन विधायक के पक्ष में छोड़ दी जाए।
पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज करने और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





.jpg)


.jpg)
.jpg)