नई दिल्ली, 09 अप्रैल।
असम, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तहत गुरुवार को सभी सीटों पर मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान सामान्य रूप से शांतिपूर्ण रहा। निर्वाचन आयोग के शाम पांच बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार असम में 84.42 प्रतिशत, केरल में 75.01 प्रतिशत और पुडुचेरी में 86.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
अभी अंतिम मतदान प्रतिशत जारी होना शेष है, क्योंकि निर्धारित समय से पहले कतार में लगे मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया जा रहा है। तीनों स्थानों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था। असम में मतदान शाम पांच बजे तक, जबकि केरल और पुडुचेरी में शाम छह बजे तक जारी रहा।
दिनभर मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ता रहा। दोपहर तीन बजे तक असम में 75.91 प्रतिशत, केरल में 62.71 प्रतिशत और पुडुचेरी में 72.40 प्रतिशत मतदान हो चुका था। वहीं दोपहर एक बजे तक असम 59.63 प्रतिशत के साथ आगे रहा, जबकि केरल में 49.70 प्रतिशत और पुडुचेरी में 56.83 प्रतिशत मतदान हुआ था।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं, जिससे मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी स्पष्ट नजर आई। पूर्वाह्न 11 बजे तक असम में 38.92 प्रतिशत, केरल में 33.28 प्रतिशत और पुडुचेरी में 37.06 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि सुबह नौ बजे तक यह क्रमशः 17.87, 16.23 और 17.41 प्रतिशत रहा।
असम में कुछ स्थानों पर झड़पों में करीब 30 लोग घायल हुए और सात को हिरासत में लिया गया। श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में दो दलों के समर्थकों के बीच टकराव में 25 लोग घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई। पुडुचेरी के मन्नादिपेट में भी मतदान केंद्र पर विवाद हुआ, जहां पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज किया।
स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। संवेदनशील क्षेत्रों में वेबकास्टिंग और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी गई।











.jpg)

