प्रशासनिक खबरें
16 May, 2026

पीएम सूर्य घर योजना के लिए भोपाल में लॉन्च होगा व्हाट्सएप चैटबॉट

ऊर्जा विभाग 18 मई को भोपाल में व्हाट्सएप चैटबॉट और प्रचार वीडियो लॉन्च करेगा, जिससे पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी नागरिकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचेगी।

भोपाल, 16 मई।

प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के डिजिटल प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए 18 मई को भोपाल में व्हाट्सएप चैटबॉट का शुभारंभ किया जाएगा। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर संयुक्त रूप से इस डिजिटल पहल की शुरुआत करेंगे।

यह शुभारंभ कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा, जहां एमपीयूवीएनएल और काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर के सहयोग से तैयार किए गए व्हाट्सएप चैटबॉट और प्रचार वीडियो को लॉन्च किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों तक योजना की जानकारी सरल और डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है।

इस चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को योजना से जुड़ी सभी जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और सोलर संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया आसानी से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को लाभ लेने में सुविधा होगी।

प्रदेश में यह योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है और अब तक 1 लाख 96 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 1 लाख 24 हजार से अधिक सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनकी कुल क्षमता 467 मेगावाट से अधिक है। इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा करोड़ों रुपये का अनुदान भी जारी किया जा चुका है।

कार्यक्रम में भारत सरकार के अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, विद्युत वितरण कंपनियों के अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी और योजना से जुड़े वेंडर भी शामिल होंगे।

|

भोपाल के रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में युवक की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

भोपाल, 16 मई। राजधानी भोपाल के कजलीखेड़ा स्थित एक रिसोर्ट के स्वीमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक युवक विधायक भगवानदास सबनानी के बंगले पर काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी निवासी कुनाल महावत अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए केके रिसोर्ट पहुंचा था। देर रात सभी साथी रिसोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान कुनाल अचानक वहां से चला गया। दोस्तों को शुरुआत में लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, इसलिए किसी ने अधिक ध्यान नहीं दिया। कुछ समय बीतने के बाद जब कुनाल वापस नहीं लौटा और मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पाया तो दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान स्वीमिंग पूल में उसका शव पानी में तैरता मिला। इसके बाद साथियों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दोस्तों के मुताबिक, कुनाल को ठीक तरह से तैरना नहीं आता था। प्रारंभिक आशंका है कि वह गहरे पानी में पहुंच गया, जिससे हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़