औरैया, 16 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में बौद्ध कथा में शामिल न होने को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। बताया गया कि पाल समाज के एक युवक को घर से उठाकर पड़ोसी गांव के अंबेडकर पार्क ले जाया गया, जहां उसे प्रतिमा के सामने उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया और माफी मंगवाई गई। घटना का वीडियो सामने आते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार द्वारकापुर गांव में दोहरे समाज द्वारा 6 से 13 अप्रैल तक बौद्ध कथा का आयोजन किया गया था। आरोप है कि पाल समाज के कुछ लोग इस आयोजन में शामिल नहीं हुए थे। गुरुवार सुबह इसी बात को लेकर कुछ लोग पाल समाज के युवक के घर पहुंचे और उसे चारपाई से उठाकर काजीपुर स्थित अंबेडकर पार्क ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए बाध्य किया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया और चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
दूसरी ओर दोहरे समाज की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि पाल समाज के कुछ लोगों ने बाबा साहब के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की और पोस्टर का अनादर किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही सामाजिक तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस मामले में संयम बरत रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।









.jpg)

.jpg)


