विदिशा, 09 मई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायालय के तत्वावधान में शनिवार को विदिशा जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 1716 प्रकरणों का आपसी सहमति के आधार पर निराकरण किया गया। इस दौरान न्यायालय परिसर में रक्तदान शिविर भी आयोजित हुआ, जिसमें 21 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शेख सलीम के मार्गदर्शन में किया गया। जिला मुख्यालय विदिशा में लोक अदालत का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्रीलिटिगेशन मामलों के समाधान के लिए 34 खंडपीठों का गठन किया गया था। इनमें आपराधिक शमनीय प्रकरण, सिविल विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामले, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, राजस्व, वैवाहिक, विद्युत, जल एवं संपत्तिकर संबंधी मामलों के साथ बैंक वसूली से जुड़े प्रकरणों का भी निपटारा किया गया।
इस दौरान न्यायालयों में लंबित 1395 प्रकरणों तथा प्रीलिटिगेशन के 9078 मामलों को निराकरण हेतु प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 941 लंबित मामलों और 775 प्रीलिटिगेशन मामलों का सफल समाधान किया गया। इस प्रकार कुल 1716 मामलों का निपटारा आपसी राजीनामे के आधार पर किया गया।
इन मामलों में लगभग 5 करोड़ 99 लाख 98 हजार 28 रुपये की सेटलमेंट राशि निर्धारित की गई, जिससे पक्षकारों को राहत मिली और न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी आई।



.jpg)

.jpg)






